Post # 32

एक ख़ास शाम

आज ‘भूमिका’ एक दशक बाद पेंटिंग करने बैठी थी | ऑइल पेंटिंग – जो किसी ज़माने में उस की मनपसंद हुआ करती थी | और उस की एक-एक पेंटिंग पर परिजनों और सखी-सहेलियों की दर्जनों वाहवाही मिला करती थीं | उन चंद तारीफों में आज की सैंकड़ों-हज़ारों सोशल मीडिया लाइक्स से कहीं ज़्यादा अपनापन और आनंद था | बाद में ज़िंदगी की भाग दौड़ में वो यह कला जैसे भुला ही बैठी थी | आज उस के हाथ जैसे पेंटिंग बनाने को चलते ही नहीं बन रहे थे | कोई अच्छा आईडिया भी आ के नहीं दे रहा था | वह अचरज में थी |

‘बीप बीप्’ पास ही रखे उस के स्मार्टफोन में एसएमएस आया था जिस में पतिदेव ‘अहम्’ कह रहे थे ‘आज शाम का वादा याद है न?’ भूमिका मंद-मंद मुस्कुरा दी |’बीप बीप’ एक और एसएमएस आया था ‘मैं रास्ते में ही हूँ | पहुंचने में दस मिनट से ज़्यादा नहीं लगेंगे |’

भूमिका उठ कर किचन में गई और फटाफट दो कप चाय बना ली | इतने में डोरबेल बज गई | पीपहोल से झाँक कर देखा तो सामने अहम् को ही पाया |

‘मुझे वादा बिलकुल याद है !’ भूमिका दरवाज़ा खोलते ही चहक कर बोली |

‘अच्छा, तो दिखाओ अपना फ़ोन, करो स्विच ऑफ और रखो लाकर में !’ प्रत्युत्तर में अहम् भी चहका |

‘आप भी अपना फ़ोन निकालें जनाब |’ भूमिका ने फ़रमाया |

‘क्या तुम भी’ कह कर हँसते हुए अहम् ने भी अपना फ़ोन सामने कर दिया |

दोनों ने अपना-अपना फ़ोन स्विच ऑफ किया और दोनों फ़ोन लॉकर में रख दिए गए | फिर दोनों बालकनी में पहुंच गए जहां चाय इंतज़ार कर रही थी | ऐसा ही तय हुआ था, यही उन का एक-दूसरे से वादा  था | दोनों एक-एक कुर्सी ले कर बैठ गए | आज अरसे बाद दोनों एक दूसरे के साथ को आत्मिक तौर पर महसूस कर पा रहे थे | बिलकुल वैसे जैसी उम्मीद की थी | आज कोई बीप-बीप, कोई रिंगटोन उन की बातों में खलल नहीं डाल रहे थे | आज वो दोनों फ़ोन की स्क्रीन में नहीं, एक-दूसरे में खोये थे | यह सुकून शादी के चार साल में पहली बार था | इतनी देर में बारिश शुरू हो गई | दोनों थोड़ा भीगे और अंदर आ गए | अहम् फ्रेश हो कर रिलैक्स करने चला गया | और भूमिका ? वह वापस अपनी पेंटिंग की ओर | अब उस के दिमाग में आईडिया भी था और हाथ भी पेंटिंग करने को चल पड़े थे | वह एक बार फिर से एक लाजवाब ऑइल पेंटिंग तैयार कर के खूब सारी वाहवाही बटोरने को उत्सुक थी | एक ख़ास शाम ने उस की सोई रचनात्मकता जगाने में ‘अहम् भूमिका’ निभाई थी |

What would you like to say about his post?